लखनऊ। जानकीपुरम कॉलोनी के सेक्टर-6 उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली की शिकायत दूर करने गया संविदा कर्मचारी 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
संविदा यूनियन के प्रदेश महासचिव देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि सेक्टर-3 निवासी करन एक रेस्टोरेंट की शिकायत पर बिजली आपूर्ति बहाल करने गया था। करन ने फीडर से शटडाउन लिया था, लेकिन जैसे ही उसने काम शुरू किया, अचानक धमाका हुआ और वह करंट की चपेट में आ गया। उसके सिर व चेहरे पर काफी चोट आई है।
देवेंद्र ने बताया कि अधिकारियों ने बिना बताए फीडर की सप्लाई में बदलाव कर दिया। करन ने जिस फीडर को बंद कराया था, पहले रेस्टोरेंट की सप्लाई उसी से थी, लेकिन बदलाव की जानकारी न होने से लाइन में करंट बना रहा और हादसा हो गया।