मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में 37 हजार की कमी आने पर संतोष जाहिर किया है। साथ ही बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस और जागरूकता संक्रमण को नियंत्रित करने की एक मजबूत कड़ी है।
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ में कोविड-19 के लिहाज से विशेष सतर्कता बरती जाए। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सभी कोविड अस्पतालों से नियमित संवाद बनाते हुए रिकवरी दर को बेहतर करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एल-3 कोविड अस्पतालों को एसजीपीजीआई और एल-2 कोविड अस्पतालों को केजीएमयू वर्चुअल आईसीयू के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श दें। उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्रियता से संचालित किए जाने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस सेवाओं को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद की जा रही है। धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करते हुए सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को कोई असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। वहां गोवंश के लिए चारे आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए भी कहा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आरके तिवारी, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार और सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।