प्रसूता व उसके नवजात जुड़वा बच्चों की मौत को जिला उपभोक्ता फोरम द्वितीय ने चिकित्सकीय लापरवाही मानते हुए लखनऊ के बृजराज हॉस्पिटल एंड सुपर स्पेशिएलिटी सेंटर व ग्लोब मेडीकेयर पर 8.35 लाख रुपये का हर्जाना लगाया है। फोरम ने माना कि सभी जांचों में डॉक्टर सबकुछ ठीक बताते रहे और बेहतर सुविधाएं देने का देने का दावा भी किया। इसके बावजूद प्रसूता व उसके जुड़वा बच्चे की मौत चिकित्सकीय लापरवाही ही दर्शाती है।
डॉक्टरों ने तर्क दिया कि मरीज प्लेसेंट्रा एक्रेटा (गर्भनाल से जुड़ी दिक्कत) से पीड़ित थी। इसके बाद भी उसको भर्ती कर इलाज किया गया। जरूरत पर एसजीपीजीआई भी रेफर किया गया। डॉक्टरों ने गलत तरीके से पैसे लेने के आरोप का भी खंडन किया, लेकिन फोरम के अध्यक्ष शिवदान यादव और सदस्य चंचल जैन उनके तर्क से सहमत नहीं हुए और इसे सेवा में कमी माना।
इसके बाद प्रसूता के पति को इलाज में हुए खर्च 25,520 रुपये वापस करने का आदेश दिया। साथ ही मानसिक कष्ट के लिए 8 लाख रुपये व विधिक व्यय के लिए 10 हजार रुपये देने का आदेश दिया। फोरम ने डॉक्टरों कहा है कि वे संयुक्त रूप से 4 हफ्ते में रकम चुकाएं। ऐसा नहीं करने पर भुगतान की तारीख तक 12 फीसदी ब्याज अलग से देना होगा।