चटपटी बातें कर लोगों को फंसाने वाले ‘बंटी-बबली’ सुमित मेहरा और दीपा मेहरा को बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ठाकुरगंज के रामनगर निवासी दंपती अश्लील कॉल करते फिर बातचीत को रिकॉर्ड कर वसूली शुरू कर देते।
दोनों ने पुलिस और पत्रकार बनकर कई लोगों को ठगा था। ठगी के शिकार एक पाइप कारोबारी ने एफआईआर पर पुलिस ने दोनों को दबोचा। दोनों ने कारोबारी से 3.50 लाख रुपये वसूले।
एएसपी क्राइम डॉ. संजय ने बताया कि दीपा ने कैसरबाग इलाके के एक कारोबारी को फोन कर अपनी बातों में फंसाया और अश्लील बातें रिकॉर्ड कर लीं। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला एसओ ने कारोबारी को कॉल करके एक लड़की से अश्लील बातें करने की शिकायत मिलने की बात कही और धमकाया।
कारोबारी दो लाख रुपये देकर मामला रफा-दफा किया। कुछ दिन बाद सुमित ने खुद को चौक कोतवाली का इंस्पेक्टर बताते हुए उसी कारोबारी को फोन किया और वही शिकायत मिलने की कहानी दोहराई। कारोबारी ने फिर कुछ रुपये देकर मामला सुलटाया।
इसके बाद दोनों एक टीवी चैनल का पत्रकार बनकर कारोबारी से मिले और उसकी अश्लील बातों की सीडी होने की बात कहते हुए रिकॉर्डिंग को टेलीकास्ट करने की धमकी दी।
कारोबारी ने खबर रोकने के लिए चेक से डेढ़ लाख दिए। इस बीच कारोबारी को दोनों की हकीकत का पता चला। उसने क्राइम ब्रांच से संपर्क किया, इसके बाद दोनों पकड़े गए।
दीपा हाईप्रोफाइल लोगों को मजेदार बातें करने का एसएमएस भेजती थी। यह गोरखधंधा उसने सप्रू मार्ग पर चलने वाले एक कॉल सेंटर से सीखा था।