कांग्रेस पार्टी की चुनावी तैयारियां।
- फोटो : सोशल मीडिया
अल्पसंख्यक कांग्रेस ने जय जवाहर-जय भीम कार्यक्रम को करीब सात लाख दलित परिवारों तक पहुंचाने का दावा किया है। रविवार को कार्यक्रम के समापन समारोह में अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिये मुस्लिम और दलित समुदाय को एकजुट करने की कोशिश की गई है। अभियान के तहत साढ़े पांच लाख दलित परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य था, लेकिन सात लाख लोगों तक यह संदेश पहुंचाया गया है।
दलित परिवारों को बताया गया कि जब तक मुस्लिम-दलित एक साथ कांग्रेस को वोट देते थे तब तक पूरे देश से भाजपा के सिर्फ दो सांसद होते थे। 2024 में मुस्लिम-दलित एक साथ रहे तो भाजपा को सत्ता से उखाड़ा जा सकता है। मतलब साफ है कि लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस अपने पारंपरिक दलित वोटरों को फिर से अपने पाले में लाने की हर कोशिश कर रही है। इस कड़ी में कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
कांग्रेस आज शुरू करेगी इंदिरा फेलोशिप
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पांडेय ने कहा कि शक्ति सुपर शी अभियान के तहत 14 अगस्त को इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। वह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके तहत राजनीति में सक्रिय होने वाले युवा फार्म भरकर एक कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। चयनित होने वाले युवाओं को फेलोशिप का सदस्य माना जाएगा। इसी तरह समाज में बदलाव लाने की इच्छुक महिलाओं का शक्ति क्लब बनाया जाएगा। इस दौरान महासचिव निवेदिता सिंह, देवांश तिवारी आदि मौजूद रहे।