वित्त विहीन स्कूलों के शिक्षकों को मानदेय दिलवाने में कांग्रेस पूरा साथ देगी। यह घोषणा मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री ने की।
वह माध्यमिक शिक्षा निदेशक के पार्क रोड स्थित शिविर कार्यालय में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्त विहीन) के धरने में समर्थन देने पहुंचे थे। उन्होंने कहा, हम शिक्षकों को मानदेय दिलवा कर रहेंगे।
खत्री ने कहा, सपा सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं है। वह सिर्फ निर्माण कार्य करवाकर कमीशन वसूल रही है। गांवों में स्कूल बन रहे हैं लेकिन न तो उनमें शिक्षक हैं न ही बच्चे।
शिक्षकों को मानदेय देने का वादा करने वाली सपा शिक्षा माफिया के दबाव में है। प्राइवेट स्कूलों में शिक्षक शोषण का शिकार हैं। वित्त विहीन स्कूलों के शिक्षक सारी योग्यताएं पूरी करते हैं लेकिन उन्हें जीविका के लिए प्रबंधकों के सामने घुटने टेकना पड़ता है। हम शिक्षकों के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।