सूबे में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस फिर मुहिम छेड़ने जा रही है। घर बैठे नेताओं व कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए बड़े नेता जिलों में जाकर बैठकें करेंगे। वहीं, 2 अक्तूबर को गांधी जयंती, 31 अक्तूबर को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा 14 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर हर जिले में बड़े स्तर पर कार्यक्रम करने का भी निर्णय किया गया।
कांग्रेस न्याय व ग्राम पंचायत स्तर तक जनता से सीधे संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को लेकर आंदोलन छेड़ेगी। गन्ना मूल्य बढ़ाने और बकाया भुगतान की मांग को लेकर 17 अक्तूबर को बस्ती तथा 18 अक्तूबर को मुजफ्फरनगर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा जिसमें प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री भी शामिल होंगे।
दिसंबर के पहले सप्ताह में वृंदावन में पार्टी का शिविर आयोजित होगा। यह फैसला सोमवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर जिला-शहर अध्यक्षों की बैठक में किया गया।
बैठक के बाद मिस्त्री व खत्री ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस अब जनता की आवाज बनेगी और उनसे सीधे ‘कनेक्ट’ करेगी। शहरों से लेकर गांवों तक पार्टी नेता व कार्यकर्ता लोगों से मिलकर उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की मुहिम चलाएंगे।