सूबे में कांग्रेस को फिर से मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे।
इस दौरान वे अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में निवर्तमान जिला, शहर, ब्लॉक, वार्ड कांग्रेस कमेटियों के नेताओं के साथ ही फ्रंटल संगठनों के नेताओं से मिलेंगे।
इसमें कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उपाय ढू़ढे़ जाएंगे। पार्टी के सह प्रभारियों के जिले में जाने का कार्यक्रम मिशन 2017 को ध्यान में रखते हुए तय किए गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने बताया कि पार्टी के सह प्रभारी प्रकाश जोशी अवध क्षेत्र में 26 जून को बहराइच, 28 जून को श्रावस्ती, 29 जून को बलरामपुर, 30 जून को गोंडा, नौ जुलाई को सीतापुर, 14 जुलाई को बाराबंकी, 15 जुलाई को अंबेडकरनगर और 19 जुलाई को फैजाबाद जिले का दौरा करेंगे।
इसी तरह सह प्रभारी जुबेर खान 24 जून को लखनऊ, 25 जून को उन्नाव, 26 जून को कानपुर एवं कानपुर देहात, आठ जुलाई को इटावा, नौ जुलाई को मैनपुरी व 10 जुलाई को कन्नौज का दौरा करेंगे।