प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागम किया
- फोटो : amar ujala
यूपी में कांग्रेस के लिए चुनावी मिशन की शुरुआत करने के लिए आए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर व मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित को उस समय परेशानी हुई जब उनके लिए तैयार रथ का मंच टूट गया। शीला दीक्षित को मामूली चोट लगी और मौके पर ही उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
वहीं, राज बब्बर व शीला के स्वागत के लिए कांग्रेसियों ने खासा तैयारियां की हैं, लखनऊ एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। राज व शीला के लिए तैयार किया गए रथ पर अधिक लोगों के चढ़ जाने से ये टूट गया। कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।
आज रविवार दोपहर शीला व राज बब्बर तो लखनऊ पहुंचे पर यूपी के महासचिव बनाए गए गुलाम नबी आजाद का आना अंतिम समय में कैंसिल हो गया।
गौरतलब है कि यूपी में कांग्रेस की चुनावी नैया पार लगाने के लिए 78 वर्षीय दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता आज रविवार को लखनऊ में रोड शो कर चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे।
इस बार के चुनाव में अभी तक मुकाबला सपा, बसपा व भाजपा के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा था, पर कांग्रेस हाईकमान द्वारा लिए गए फैसलों के आधार पर अब कहा जा सकता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी यूपी चुनाव को 'फाइट ऑफ एग्जिस्टेंस' की तरह ले रही है।