राज्यपाल रामनाईक को ज्ञापन सौंपता कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने राज्यपाल राम नाईक को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की अपील की है। मंगलवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से कानून-व्यवस्था की बदहाली पर चर्चा की और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में गुंडाराज स्थापित हो गया है। हालात ये है कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक सुरक्षित नहीं है। ऐसे में प्रदेश के अन्य जिलों की क्या स्थिति है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। शहर के हाईसिक्योरिटी जोन में एक्सिस बैंक की कैशवैन लूट की घटना चिंताजनक है।
वहीं, यूपी सरकार के प्रवक्ता सिद्घार्थनाथ सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि घटना बेहद गंभीर है। अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक सिंह के अलावा पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व मंत्री राजबहादुर, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री हनुमान त्रिपाठी, मीडिया कोआर्डिनेटर राजीव बख्शी, प्रवक्ता जीशान हैदर एवं मीडिया विभाग के विशेष आमंत्रित सदस्य अमरनाथ अग्रवाल शामिल रहे।
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर राजभवन के पास गनमैन व ड्राइवर को गोली मारकर एक्सिस बैंक की कैशवैन लूट ली गई थी। हाईसिक्योरिटी जोन में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया था।