लखनऊ में लोक भवन के सामने मां-बेटी की आत्मदाह मामले में पुलिस ने आरोपी कांग्रेसी नेता अनूप पटेल को गुरुवार शाम साढे़ चार बजे लखनऊ-बाराबंकी बार्डर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसीपी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक अमेठी के जामो कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी सोफिया का नाली के विवाद में दबंगों से 9 मई को मारपीट हुई थी।
इसके बाद सोफिया की बेटी गुड़िया ने आरोपी के बेटे अर्जुन सहित चार पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। वहीं, अर्जुन की तहरीर पर सोफिया, गुड़िया सहित तीन लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 17 जुलाई को सोफिया व गुड़िया ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए लोकभवन के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था।
पांच दिन बाद इलाज के दौरान सिविल अस्पताल में मां सोफिया की मौत हो गई। इस मामले में कांग्रेसी नेता अनूप पटेल, एक अन्य नेता कादर खान के बेटे सुल्तान और बहू आसमा सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। 17 जुलाई की रात को ही पुलिस ने कादर खान, सुल्तान और आसमा को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि अनूप पटेल फरार हो गया था।