फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस हाईकमान का फैसला, यूपी में अजय कुमार लल्लू संभालेंगे पार्टी की बागडोर

Tue, 08 Oct 2019 12:30 AM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
अजय कुमार लल्लू - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही 41 सदस्यीय प्रदेश कांग्रेस कमेटी की घोषणा भी कर दी गई है, जिसमें युवा नेताओं को तरजीह दी गई है। वरिष्ठ नेताओं को शामिल करते हुए दो विशेष कमेटियां भी बनाई गई हैं, जो कांग्रेस महासचिव को सलाह देंगी और रणनीतिक कार्ययोजना तैयार करेंगी। 
विज्ञापन


पार्टी हाईकमान ने कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता की जिम्मेदारी विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को दे दी है। इसके साथ ही यूपी कांग्रेस में फिल्म अभिनेता से राजनेता बने राज बब्बर का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। वे करीब तीन वर्षों तक प्रदेश अध्यक्ष रहे।

नई प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इंचार्ज बनाए गए हैं। कुल 4 उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिव शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए अजय कुमार लल्लू कुशीनगर की तुमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं।
विज्ञापन


लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा में भी उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई। वे अपनी संघर्षशील छवि के लिए जाने जाते हैं। उन्नाव और शाहजहांपुर की रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के संघर्ष में भी वे पीछे नहीं रहे। 

सोनभद्र के उभ्भा नरसंहार में वे प्रियंका गांधी वाड्रा के आंदोलन के दौरान पूरी तरह साथ रहे। सदन में और बाहर बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को उन्होंने प्रमुखता से उठाया है। एक व्यक्ति-एक पद की व्यवस्था के तहत लल्लू विधानमंडल दल के नेता की जिम्मेदारी छोड़ेंगे।

वीरेंद्र चौधरी को पूर्वी और पंकज मलिक को पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी में चार उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें वीरेंद्र चौधरी को पूर्वी यूपी और पंकज मलिक को पश्चिमी यूपी के पार्टी संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। ललितेश त्रिपाठी को फ्रंटल, सेल और पार्टी विभागों में से यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, ओबीसी, किसान और महिला विंग का इंचार्ज बनाया गया है। इसी तरह से दीपक कुमार को सेवा दल, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है।

12 महासचिव और 24 सचिव बनाए गए
41 सदस्यीय प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 12 नेताओं को महासचिव और 24 को सचिव पद दिया गया है। आलोक प्रसाद पासी, विश्व विजय सिंह, चौधरी धुरम लोधी, राकेश सचान, यूसुफ अली तुर्क, अनिल यादव, राजीव त्यागी, वीरेंद्र सिंह गुड्डू, योगेश दीक्षित, राहुल राय, शबाना खंडेलवाल और बदरुद्दीन कुरैशी महासचिव बनाए गए हैं। 

सचिव बनने वाले नेताओं में गुरमीत भुल्लर, विधित चौधरी, राहुल रिचारिया, देवेंद्र निषाद, मोनिंदर सूद वाल्मीकि, विवेकानंद पाठक, देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रह्मस्वरूप सागर, कैसर जहां अंसारी, रमेश शुक्ला, धीरेंद्र सिंह धीरू, सत्य सन्यम, प्रेम नारायण पाल, सरिता दोहरे, शाहनवाज आलम, कनिष्क पांडेय, अमित सिंह दिवाकर, कुमुद गंगवार, राकेश प्रजापति, मुकेश धन्कर, हरदीपक निषाद, जीतलाल सरोज, सचिन चौधरी और प्रदीप कुमार कोरी शामिल हैं।
विज्ञापन

पार्टी महासचिव की मदद के लिए सलाहकार परिषद का भी गठन

प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा पार्टी महासचिव की मदद के लिए सलाहकार परिषद का गठन किया गया है। कमोबेश सभी प्रमुख वरिष्ठ नेताओं को सलाहकार परिषद में स्थान दिया गया है। सलाहकार परिषद में शामिल किए गए 18 नेता हैं। 

इनमें अजय राय, अजय कपूर, अनुराग नारायण सिंह, मोहसिना किदवई, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, निर्मल खत्री, प्रमोद माथुर, प्रवीन सिंह ऐरन, पीएल पुनिया, आरपीएन सिंह, रंजीत सिंह जूदेव, राजेश मिश्रा, राशिद अल्वी, सलमान खुर्शीद, संजय कपूर, विवेक बंसल और जफर अली नकवी। इसके अलावा 8 सदस्यीय स्ट्रेटजी एंड प्लानिंग कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, आरके चौधरी, राजीव शुक्ला, इमरान मसूद, प्रदीप जैन आदित्य, राजाराम पाल, ब्रज लाल खाबरी और राज किशोर सिंह शामिल हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें