सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए भाजपा सांसद लल्लू सिंह के खिलाफ अश्लील कमेंट वाले फोटो को लेकर जिले में राजनीति गरमा गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सोमवार एसएसपी से मिलकर फोटो वायरल करने वाले कुछ दल विशेष के आपराधिक प्रवृत्ति वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पीड़िता की बहन के बाद उसकी मां की ओर से एक नई तहरीर दी गई। जिस पर कैंट पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए सैकड़ों अज्ञात लोगों पर धारा 292, 298, 506, 504 समेत आईटी व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
गौरतलब है कि गांधी जयंती के दिन भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने पदयात्रा की शुरूआत की थी, वे शहर के एक मोहल्ले में एक समर्थक परिवार से मिल रहे थे, तभी किसी ने फोटो खींची और फेसबुक, व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट के साथ शनिवार को वायरल कर दी। इस बीच सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने एसएसपी आशीष तिवारी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार भाजपा का कार्यकर्ता है, वे सांसद के समर्थक भी हैं बीते 2 अक्तूबर को गांधी जयंती पर निकली पद यात्रा के दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उसके घर गए थे, जहां पर परिवार के लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली थी। लेकिन कुछ लोगों ने अश्लील कमेंट के साथ यह फोटो वायरल कर दी।
मां ने दर्ज कराई मामले में तीसरी एफआईआर
इस फोटो को लेकर कुछ लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पूर्व में पीड़िता की बड़ी बहन व समाजसेवी जन्मेजय सिंह बाबा ने तहरीर दी थी। दोनों केस दर्ज होने बाद रविवार को पीड़िता की मां ने फेसबुक पर वायरल फोटो को लेकर थाने में एक और तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने आदेश यदुवंशी, हाजी निहाल अहमद, श्याम यादव, अरविंद यादव व हुकुम सिंह यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 292, 298, 506, 504 समेत आईटी व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।
नामजद लोगों की गिरफ्तारी जल्द
मामले की गहनता से जांच की जा रही, आईटी सेल की सहायता से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जिन पांच आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनके पते की जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। अज्ञात में वह लोग शामिल हैं जिन्होंने फोटो को लाइक किया है या कुछ कमेंट किए हैं।
- आशुतोष मिश्र, थाना प्रभारी