प्रदेश में चुनाव जीतने के लिए नेताओं और अफसरों के बीच सेटिंग को उजागर करते हुए प्रदेश कांग्रेस ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।
प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को चुनाव आयोग से इलाहाबाद के कई अफसरों की शिकायत की है।
इनमें सीडीओ, एसपी, सीओ से लेकर पुलिस के कई अफसर शामिल हैं।
कांग्रेस ने कहा कि इन अफसरों के रहते वहां निष्पक्ष चुनाव करा पाना संभव नहीं है। पार्टी ने इन सभी को हटाने की मांग की है।
कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने रविवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा से मिलकर आरोप लगाया कि इलाहाबाद में कांग्रेस प्रत्याशी नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ के जुलूस पर द्वेषवश अनावश्यक लाठीचार्ज किया गया।
इसमें कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। वर्तमान सांसद रेवती रमण सिंह सपा के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने हर हथकंडे अपनाकर चुनाव जीतने की व्यूह रचना की है।
आरोप है कि रेवती रमण ने सीडीओ अटल कुमार राय, एसपी लल्लन राय, सीओ राधेश्याम राय, घूरपुर इलाहाबाद के एसओ जेपी राय को अपने यहां चुनावी फायदे के लिए तैनात करवाया है।
इंस्पेक्टर इन्द्रजीत चतुर्वेदी भी उन्हीं का पक्ष लेते हैं। सीडीओ इस चुनाव में एआरओ भी हैं। इन्हें यहां से हटाए बगैर निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है।