एसएसबी ने सोमवार सुबह गश्त के दौरान नेपाल सीमा पर एक बैग से आठ किग्रा विस्फोटक बरामद किया।
नेपाल से विस्फोटक लेकर आने वाला व्यक्ति मौके से भाग निकला। एसएसबी के मुताबिक विस्फोटक का इस्तेमाल देशी बम बनाकर लोकसभा चुनाव में दहशत फैलाने में हो सकता था।
फिलहाल, विस्फोटक को हरैया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। हरैया थानाध्यक्ष पीएन तिवारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एसएसबी 9वीं वाहिनी की चौकी बरहवा नाका के एसआई संजय कुमार तथा सिरिया नाका के एसआई प्रवीन सिंह ने बताया कि सोमवार भोर नेपाल सीमा के पास गश्त के दौरान एक आदमी सफेद बैग में कुछ सामान लेकर आता दिखा।
तलाशी में बैग से 6 किलो 400 ग्राम बारूद, एक किलोग्राम पोटाश तथा 400 ग्राम गन पाउडर बरामद हुआ। इस दौरान मौका पाकर विस्फोटक लाने वाला व्यक्ति भाग गया।
एसएसबी के मुताबिक इस विस्फोटक का इस्तेमाल देशी बम बनाकर जंगली जानवरों का शिकार करने तथा लोकसभा चुनाव के दौरान दहशत फैलाने में हो सकता था।