‘गाड़ी मत रोको एसपी कंट्रोल रूम का भाई हूं नहीं तो वर्दी उतर जाएगी।’ यह किसी फिल्म का डायलाग नहीं है, बल्कि नीली बत्ती लगी कार में घूम रहे युवकों ने पकड़े जाने पर नवाबगंज पुलिस को रौब झाड़ते हुए कही।
जिस पर चेकिंग में लगे पुलिसकर्मी भी सकपका गए।
लेकिन जब शक होने पर क्रॉस चेकिंग की तो सब फर्जी निकला जिस पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। नवाबगंज थाना क्षेत्र में गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर दुल्लापुर रेल क्रॉसिंग पर मंगलवार की देर शाम को जाम लगा था। नवाबगंज थाने की पुलिस जाम को खुलवाने में जूझ रही थी। इसी बीच एक नीली बत्ती लगी बोलेरो कार पर लगातार हूटर बजा कर रास्ता मांगने की कोशिश की जा रही थी।
हूटर बजने पर जाम में किसी वीआईपी के फंसे होने के संदेह पर मौके पर लगे पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। लेकिन जरूरत से अधिक हूटर बजाए जाने पर शक होने पर पुलिस कर्मियों ने गाड़ी ले जा रहे लोगों को साइड में गाड़ी लगाने को कहा।
गाड़ी में तीन लोग सवार थे। गाड़ी चला रहे युवक ने खुद को एसपी कंट्रोल रूम गाजियाबाद का भाई बताते हुए पुलिस कर्मियों पर रौब गांठते हुए धमकाया कि गाड़ी मत रोको नहीं तो वर्दी उतर जाएगी।