इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने कंपाउंडरों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। आईबी डेपुटेशन पर सरकारी कंपाउंडरों की भर्ती करता है। इसके लिए उसने प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग को भी पत्र लिखा है।
यह डेपुटेशन तीन साल के लिए होगा लेकिन इसे दो वर्ष के लिए और बढ़ाया जा सकता है। आईबी बाद में इन्हें अपने यहां समायोजित भी कर सकती है।
आईबी ने कंपाउंडर के 73 पदों व एक महिला स्टाफ नर्स की भर्ती के लिए सरकारी विभाग के कर्मियों से आवेदन मांगे हैं।
आईबी के असिस्टेंट डायरेक्टर एसके सिन्हा ने प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग को यह सर्कुलर भेजा है।
इसमें कहा गया है कि सरकार अपने यहां के ज्यादा से ज्यादा कर्मियों के आवेदन इसमें कराए। इसमें कंपाउंडरों को 5,200-20,200 व ग्रेड पे-2800 रुपये दिया जाएगा।
प्रतिनियुक्ति पर मिलने वाले अन्य भत्तों के साथ ही बेसिक वेतन का 15 फीसदी भत्ता उन्हें और दिया जाएगा। बेसिक वेतन में ग्रेड वेतन जोड़कर 15 फीसदी का लाभ दिया जाएगा।
इसके तहत अगरतला, देहरादून, डिब्रूगढ़, गंगटोक, इंफाल, कोहिमा, आईटीबीपी-लेह, शिमला और श्रीनगर में तैनाती दी जाएगी।
आवेदन पांच अगस्त से पहले असिस्टेंट डायरेक्टर, आईबी, एमएचए, 35 एसपी मार्ग, बापू धाम नई दिल्ली भेजना होगा।