लखनऊ। राजधानी में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों की शिकायतों पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग स्तर पर चर्चा तो हो रही है, लेकिन अब तक किसी ठोस निर्णय पर नहीं पहुंचा जा सका है। कार्रवाई के लिए अभिभावकों को लगातार अगली तारीख दी जा रही है।
जानकीपुरम स्थित ब्राइट वे इंटर कॉलेज, सीएमएस, जयपुरिया, स्टडी हॉल सहित करीब 24 निजी विद्यालयों के खिलाफ अभिभावकों ने जिलाधिकारी की टीम को लिखित शिकायत दी है। आरोप है कि इन स्कूलों ने जिला शुल्क नियामक समिति के मानकों का पालन नहीं किया है। मनमानी फीस वसूली के साथ ही यूनिफॉर्म और किताबें चिह्नित दुकानों से खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर अभिभावकों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया था। शिकायत दिए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक निस्तारण नहीं हो सका है। जिला शुल्क नियामक समिति की बैठकें हो रही हैं और मामलों पर चर्चा भी की जा रही है, मगर अंतिम निर्णय लंबित है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि राजधानी में करीब 24 विद्यालयों के खिलाफ अभिभावकों की शिकायतें प्राप्त है। शनिवार को बैठक भी हुई। अब अगली बैठक में शिकायतों पर निर्णय लिया जाएगा।