लखनऊ। मोहन रोड स्थित एफसीआई बिजलीघर से जुड़े इलाके में दोपहर दो बजे से गुल हुई बिजली रात 10 बजे तक नहीं आई तो उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। आम जनता ने बिजलीघर का घेराव कर लिया तो पुलिस ने लाठी लेकर इन्हें खदेड़ा। चार-पांच बड़े इलाकों में रात 11 बजे तक बिजली संकट रहा।
उधर, लोगों का कहना था कि बिजली न आने से वे पानी के लिए भी तरस गए। उधर, इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे गर्मी में बुरा हाल हो गया। यह आरोप भी लगाया कि अधिकारियों ने कॉल को रिसीव नहीं किया। जब वे बिजलीघर पर शिकायत करने गए तो पुलिस ने डंडा लेकर दौड़ाया। देर रात तक बिजली को चालू करने की कोशिश चलती रही। 14 घंटे बिजली कटौती ने छुड़ाया पसीना
भीषण गर्मी में बिजली कटौती बेहाल कर रही है। सोमवार रात से लेकर मंगलवार तक अलग-अलग क्षेत्रों में 14 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से शहरी व ग्रामीण इलाकों के 25 हजार से अधिक उपभोक्ता परेशान हुए। सबसे ज्यादा संकट नगराम, काकोरी, आशियाना, गुडंबा, मड़ियांव में रहा। बिजली न होने से पानी की भी समस्या रही। शहरी क्षेत्र के कुर्सी रोड, जानकीपुरम गार्डन सहित आस-पास के इलाकों के उपभोक्ता परेशान रहे।
50 गांवों में चार घंटे ठप रहे बिजली आपूर्ति
समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर से जुड़े बहरौली, हरदोइया, अनैया समेत 50 गांवों में मंगलवार सुबह बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चार घंटे तक बिजली न आने से 10 हजार उपभोक्ता परेशान हुए। अधिकारियों को फोन करने पर दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि बहरौली फीडर पर भवानी बक्स पुरवा के पास ट्रांसफार्मर के अर्थिंग के तार में खराबी से लाइन ब्रेकडाउन हुआ था। करीब 25 किमी लंबी लाइन की पेट्रोलिंग के बाद फॉल्ट दुरस्त किया जा सका। बहरौली के इदरीश और अमेठियान पुरवा के मुन्नू सिंह ने बताया कि बिना बिजली के ट्यूबवेल भी बंद रहे।
हाई वोल्टेज से फुंके उपकरण
तालकटोरा उपकेंद्र से पोषित मोतीझील कॉलोनी के निवासी दो दिन से गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। सोमवार रात 12 बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक कॉलोनी में लो वोल्टेज की समस्या रही। फिर अचानक हाई वोल्टेज आ गया। इससे विनोद कुमार के एसी की आउट यूनिट का कंप्रेसर और सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए। इसके साथ ही 70 घरों में एक फेस की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने कई बार उपकेंद्र में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दोपहर सवा दो बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। स्थानीय निवासी सौरभ पांडेय, सुरेश मिश्रा, आशीष साहू और सुमित बाधवा ने बताया कि इलाके के लोग बिजली की आवाजाही से परेशान हैं। एसडीओ आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि कोई बड़ी खराबी सामने नहीं आई है। रात में अक्सर बिजली चोर कटिया लगाते हैं। इस वजह से दूसरे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
काकोरी में रातभर गायब रही बिजली
काकोरी के शकुंतला पावर हाउस के तहत आने वाले कुंदन विहार और मायापुरम कॉलोनी में सोमवार रात 11 बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सात घंटे तक बिजली गुल रहने से 1200 से अधिक उपभोक्ताओं को उमस के बीच रात गुजारनी पड़ी। एफसीआई उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले बादशाह खेड़ा, मुनेश्वरपुरम, प्रभात पुरम, मॉडल सिटी, योगी पुरम, सोना विहार और भपटामऊ समेत अन्य कॉलोनियों में भी चार घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बाधित रही।
क्षेत्र के उपभोक्ताओं का आरोप कि कई स्थानों पर कटिया लगाई जा रही है। इससे ओवरलोड की समस्या बढ़ती है। कॉलोनी के लोगों ने स्थानीय कर्मचारियों पर पैसे लेकर कटिया कनेक्शनों की अनदेखा करने का भी आरोप लगाया।