उत्तर प्रदेश पुलिस के एप यूपी कॉप पर साइबर क्राइम के अलावा स्ट्रीट लाइट, चेन, पर्स, कार की बैट्री और भैंस चोरी की शिकायतें भी तेजी से दर्ज हो रही हैं। ये वह मामले हैं जिन पर जिलों की पुलिस सुनवाई नहीं करती है। अब आला अधिकारी असमंजस में हैं कि इन मामलों का निस्तारण कैसे कराया जाय?
एप पर एक जनवरी से 27 फरवरी तक 570 मुकदमे दर्ज हुए हैं, जबकि खोयी वस्तुओं की 27000 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। माना जा रहा है कि ऐसे तमाम मामले जिनमें शिकायतकर्ता की सुनवाई नहीं हो रही है, वे यूपी कॉप पर ऑनलाइन सुविधा का सहारा लेकर अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। हालांकि अधिकारी इन मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को भेज रहे हैं।