आईपीएस अमिताभ ठाकुर के खिलाफ गाजियाबाद के अंबेडकर कॉलोनी निवासी महिला ने शनिवार देर रात दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। उनपर एससी-एसटी एक्ट और धमकाने संबंधी धाराएं भी लगी हैं।
पीड़ित महिला डीजीपी मुख्यालय गई। वहां से उसे महिला थाने भेज दिया गया। एसओ गोमतीनगर सैयद मोहम्मद अब्बास ने बताया कि महिला व उसके पति ने महिला थाने में शनिवार को अपना बयान दर्ज कराया।
महिला व उसके पति ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में नूतन ठाकुर गाजियाबाद गई थीं। वहां उससे उनकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद नूतन ठाकुर ने उसे लखनऊ बुलाया था।
वह अपने पति के साथ 31 दिसंबर को नूतन ठाकुर के घर पहुंची। नूतन ने उसे नौकरी दिलवाने का झांसा देकर अमिताभ ठाकुर के कमरे में इंटरव्यू के लिए भेज दिया। इसके बाद अमिताभ ठाकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। गोमतीनगर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की।