आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने सरकार से दिल्ली की तर्ज पर कोरोना से मौत पर 50 हजार मुआवजा देने, अनाथ बच्चों को मुफ्त शिक्षा और पेंशन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आपदा के इस काल में सरकार आम जनता की मदद के लिए जल्द ही मौत पर मुआवजा, अनाथ बच्चों मुफ्त शिक्षा और पेंशन देने की घोषणा करनी चाहिए।
आप सांसद ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने महामारी में गरीब-मजदूरों की मदद के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार मौत का आंकड़ा छुपा रही है, लेकिन गांव-गांव में जो दृश्य सामने आ रहे हैं वो अत्यंत भयावह हैं। प्रदेश के लगभग हर जिले कोरोना के कारण लोगों की मौत हो रही हैं। इसीलिए श्मशान में लाशों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोगों के पास अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने का इंतजाम नहीं है। उनको लकड़िया नसीब नहीं हो रहीं।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं सही रूप से जमीन पर लागू नहीं हो पा रही हैं। संजय सिंह ने सरकार से बगैर विलंब किए 75 जिलों में सभी ब्लॉक स्तर पर करोना की जांच केंद्र खोलने के साथ ही दाह संस्कार के लिए लकड़ी का इंतजाम न करने वाले जिले के डीएम व प्रशासन के अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है।
इस मौके पर आप सांसद ने कोरोना महामारी से जूझ रही जनता की मदद के लिए आम आदमी की रसोई की शुरुआत करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आपदा के इस काल में हर जरूरतमंद को भोजन मुहैया कराया जाएगा। बुधवार को आप की रसोई का उद्घाटन करते हुए संजय सिंह ने बताया कि आप की रसोई पार्टी कार्यकर्ताओं का सराहनीय प्रयास है। यहां प्रतिदिन हजारों लोगों का खाना तैयार होगा। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों में भी इस तरह की सेवा शुरू की जाएगी।