सहारनपुर व कुशीनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों व गंभीर हालत में अस्तपाल में इलाज करवा रहे लोगों के परिजनों के लिए यूपी सरकार ने मुआवजे की घोषणा कर दी है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व गंभीर बीमार लोगों के परिवारीजनों को 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की है। वहीं, मामले पर सहारनपुर व गोरखपुर रेंज के आईजी से प्रदेश के डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने रिपोर्ट मांगी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती दिखाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। आपको बता दें कि कुशीनगर के तरयासुजान क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से गुरुवार को चार और मौतें हो गईं।
अब तक कुल नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच बीमार लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वैसे प्रशासन सात लोगों की मौत की पुष्टि कर रहा है, जबकि दो की मौत बीमारी से बता रहा है।