लखनऊ। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद निवासी सुनील यादव ने विभूतिखंड स्थित एल्पिडा होम्स के निदेशक उद्देश्य तिवारी और एजेंट अनूप कुमार सिंह पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन पर जमीन के नाम पर 3.90 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सुनील ने बताया कि वर्ष 2021 में कंपनी के दफ्तर में एजेंट अनूप कुमार से 1500 वर्गफीट जमीन बुक कराई थी। उन्होंने 8 जनवरी 2021 से 21 मई 2021 तक 3.90 लाख रुपये का भुगतान किया। उद्देश्य ने एक माह बाद रजिस्ट्री कराने का वादा किया था। रजिस्ट्री तो हुई, पर उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिला। पड़ताल करने पर पता चला कि रजिस्ट्री के पेपर फर्जी थे। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाया गया है। दरोगा स्वतंत्र कुमार यादव मामले की विवेचना कर रहे हैं।