खुफिया एजेंसियों के ताजा अलर्ट के बाद बहराइच में नरेंद्र मोदी के रैली स्थल पर जबरदस्त सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
मोदी की सुरक्षा में तैनात एनएसजी कमांडो ने बुधवार को रैली स्थल को कब्जे में ले लिया।
जबकि प्रदेश सरकार ने वहां एटीएस 86 कमांडो तैनात कर दिए हैं। आईजी गोरखपुर, बहराइच में कैंप करेंगे। मोदी की रैली शुक्रवार को है।
आईजी कानून-व्यवस्था राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि रैली को देखते हुए बहराइच में चार एसपी, 12 एएसपी, 29 डीएसपी, 225 सब इंसपेक्टर, 730 सिपाही, महिला व यातायात पुलिस कर्मी के अलावा अग्निशमन की दमकलें, एंटी रॉयट उपकरण, इंटेलीजेंस व जिला पुलिस के सादे वस्त्रों मे कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा छह कंपनी पीएसी तैनात की गई है जबकि दो कंपनी रिजर्व रखी गई है।
इस बीच रैली स्थल पर बम डिस्पोजल स्क्वायड और एंटी माइन चेकिंग स्क्वायड से जांच कराई जा रही है। रैली स्थल के इर्द-गिर्द खुफिया कर्मियों की तैनाती रहेगी।
पढ़ें-मोदी के लिए पांच दिन पहले से लगा पहरा
बहराइच के पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने कहा कि बहराइच की सीमा बाराबंकी, गोंडा और लखीमपुर, श्रावस्ती जिलों से मिलती है।
इसके अलावा नेपाल की खुली सीमा भी है। पांचों स्थानों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर और ग्रामीण अंचलों में भी रैली तक नियमित वाहनों की चेकिंग की जाएगी।
उधर बलरामपुर में एसएसबी ने चौकसी बढ़ा दी है। हर आने-जाने वाले और वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
एसएसबी के कंपनी इंचार्ज प्रवीण सिंह सोढ़ा का कहना है कि 19 नवंबर को नेपाल में आम चुनाव भी होने वाले हैं। इसलिए भी सतर्कता बरती जा रही है।
हैलीपैड की जगह बदलने पर भड़के भाजपाई
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के रैली स्थल पर इंतजामों में बदलाव को लेकर अफसरों व भाजपा नेताओं में बुधवार को तकरार हो गई।
डीएम व एसपी ने मुआयने के दौरान हैलीपैड की जगह बदलने व बैरीकेडिंग ऊंचा करने के निर्देश दिए तो भाजपा नेताओं और अधिकारियों के बीच कहासुनी हुई।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि जिला प्रशासन रैली में बेवजह खलल डाल रहा है।
लखनऊ की और खबरों के लिए क्लिक करें यहां