सीसीटीवी की निगरानी में होंगी पुनर्वास विवि के कॉलेजों की परीक्षाएं
मई की छूटी सेमेस्टर परीक्षाएं 23 से
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की मई 2019 की छूटी हुई सेमेस्टर परीक्षाएं 23 सितंबर से शुरू हो रही हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में आयोजित की जाएंगी। साथ ही विवि की ओर से तैनात पर्यवेक्षक कॉलेजों में परीक्षा का औचक निरीक्षण करेंगे। विवि ने इसे लेकर कॉलेजों को विस्तृत दिशा-निर्देश व परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है।
विवि ने मई 2019 में अपने यहां तो विभिन्न कोर्सों की ऑड सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित कर ली थीं, लेकिन कॉलेजों में सेमेस्टर परीक्षाएं ही नहीं हुईं। इस क्रम में विवि ने 23 सितंबर से संबद्ध 10 कॉलेजों में यूजी, पीजी व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की मई सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार राय की ओर से परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम कॉलेजों को भेज दिया गया है। परीक्षाएं 1 अक्तूबर तक दो पॉलियों में आयोजित की जाएंगी। कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। कॉलेज सीसीटीवी कैमरे चालू कराकर इसका लिंक 20 सितंबर तक विवि को उपलब्ध करा दें। परीक्षा की रिकॉर्डिंग कॉलेज सुरक्षित रखेंगे। यदि बिना सीसीटीवी कैमरे लगाए परीक्षा आयोजित की जाएगी तो उन कॉलेजों के परिणाम जारी नहीं किए जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज की होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित कॉलेज ही परीक्षा केंद्र होंगे और वहां के प्राचार्य को केंद्राध्यक्ष नामित किया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी के लिए केंद्राध्यक्ष जिम्मेदार होंगे।