लखनऊ। विभूतिखंड स्थित सेवी ग्रैंड होटल के पास चार अप्रैल को स्कॉर्पियो सवार दो बदमाश प्राइवेट कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 25 लाख रुपये लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें मारापीटा। पांच अप्रैल को पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस लूट की घटना को संदिग्ध बता रही है।
गुजरात के परपाटन निवासी निकुल सिंह विभूतिखंड-5 में रहते हैं। वह विभूतिखंड के रिवर व्यू आर्केड शॉपिंग मॉल स्थित मरकुलिक्स बिजनेस सॉल्यूशन में कार्यरत हैं। उनके अनुसार, चार अप्रैल की शाम वह विश्वरूपा इंफ्राटेक से 25 लाख रुपये लेकर स्कूटी से दफ्तर जा रहे थे। सेवी ग्रैंड होटल के पास एसयूवी सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारी। इससे वह स्कूटी से गिरकर चोटिल हो गए। बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई की, जिससे उन्हें हाथ व पीठ में चोटें आईं। बदमाश 25 लाख रुपये का बैग लूटकर भाग गए। सूचना पर विभूतिखंड पुलिस भी मौके पर पहुंची, पर बदमाशों का पता नहीं चला।
फुटेज में बिना नंबर की दिखी एसयूवी
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि निकुल सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन में लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। सीसीटीवी फुटेज में बिना नंबर प्लेट वाली एसयूवी दिखी है। पुलिस टीम इस पर काम कर रही है। घटना के पीछे रुपये के लेन-देन का विवाद होने की आशंका है।