श्रावस्ती। जिले में शीतलहर शुरू हो गई है। सोमवार को छाई बदली के बीच कोहरा बूंद बनकर बरसता रहा। लगातार चल रही तेज बर्फीली हवा के कारण ठिठुरन बढ़ गई। सूरज के न निकलने के कारण मौसम का पारा लुढ़क कर न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
तराई में मौसम का मिजाज सोमवार को अचानक बदल गया। तराई में सूरज के दर्शन नहीं हुए। बदली छाए रहने व कोहरे के बूंद बनकर बरसने के कारण लोग अलाव तापते देखे गए। इस बीच करीब 0.15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के कारण मौसम का पारा लुढ़ककर आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शुरू हुए इस शीतलहर के कारण जहां लोगों को कंपकंपाती ठंड से जूझना पड़ा।
विद्यालय खुले होने के कारण बच्चों को भी ठिठुरते हुए जाना पड़ा। मौसम को देखते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डाॅ. श्याम मिश्रा बताते हैं कि इस समय शीतलहर पड़ रही है। इसलिए लोगों को चाहिए कि वह कदापि लापरवाही न बरतें। बच्चों, बुजुर्ग, बीमार लोगों व नवजात शिशुओं का विशेष ख्याल रखें। इसमें जरा सी लापरवाही घातक साबित हो सकती है।