नेपाल से अयोध्या के लिए शुरू हुई बस सेवा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या के रामकथा पार्क में जनकपुर-सीतामढ़ी-अयोध्या सीधी बस सेवा का स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी देश नेपाल की दो दिनी यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को जनकपुर में इस बस सेवा का शुभारंभ किया।
इस बस सेवा के जरिए श्रद्धालु भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या धाम तथा माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच की 520 किलोमीटर की दूरी को सरलता और सुविधापूर्ण ढंग से तय कर सकेंगे।
बस सेवा पड़ोसी देश नेपाल और भारत के पौराणिक समय से चले आ रहे सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री अयोध्या भ्रमण के दौरान भारतीय डाक विभाग की ओर से प्रकाशित ‘स्पेशल कवर’ का अनावरण भी करेंगे। यह स्पेशल कवर पिछले वर्ष दीपावली के अवसर पर अयोध्या में सरयू तट पर आयोजित ‘दीपोत्सव’ कार्यक्रम पर आधारित है।
डाक विभाग का यह प्रकाशन अयोध्या की वैश्विक पहचान स्थापित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने का काम करेगा। साथ ही दीपोत्सव के आयोजन की स्मृतियों को लंबे समय तक संरक्षित करने में भी सहायक होगा।