सीएम योगी ने कहा कि अटल जी की स्मृतियों को बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। यूपी कैबिनेट ने हाल में निर्णय लिया है कि उच्च शिक्षा के लिए हर साल पांच छात्र ब्रिटेन जाएंगे। उसकी आधी स्कॉलरशिप वहां की और आधा यूपी सरकार देगी। यह स्कॉलरशिप अटल जी के नाम पर समर्पित है। यह वर्ष अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष भी है। पूरे वर्ष भर अलग-अलग स्थानों पर अनेक कार्यक्रम भी चल रहे हैं।।
लोग हंसते थे, लेकिन जिन मुद्दों को लेकर भाजपा बढ़ी, उसे पूरा किया
सीएम ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कर्म की प्रेरणा दी। यह केवल भारत में हो सकता है कि युद्धभूमि में धर्मोपदेश के माध्यम से योद्धा को कर्म की प्रेरणा दी जा रही है। अटल जी ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से प्रेरणा दी। जिन मुद्दों को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी कार्य करते हुए उसे क्रियान्वित कर रही है, उसे लेकर लोग हंसते थे कि क्या यह हो पाएगा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नारा दिया कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेंगे, लेकिन जब हम एक स्वर में एक भाव के साथ एकजुट होकर अभियान चलाते हैं तो पीएम मोदी के नेतृत्व में धारा-370 समाप्त हो गई। जब भारत के मूल्यों व आदर्शों की बात राजनीति में करने के बारे में जनसंघ व भाजपा ने मुद्दे उठाए थे,तब लोग हंसते थे। 1989 में अपने अधिवेशन में भाजपा ने जब राम जन्मभूमि का मुद्दा उठाया तो लोग कहते थे कि मुद्दे से भटक गई है, लेकिन नेतृत्व पीछे नहीं हटा, लगातार लड़ता रहा। परिणाम आया तो 500 वर्ष बाद भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ।