खिलाड़ियों के साथ सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
सीएम योगी ने कहा कि फुटबॉल संघ ने सभी जनपद और 18 मंडल में एक-एक स्टेडियम फुटबॉल के लिए समर्पित करने की अपेक्षा की है। हम उन्हें बता दें कि सरकार भी यह चाहती है ताकि खेल और खेलकूद की गतिविधियां आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हमेशा खेल जगत में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और हॉकी के मशहूर खिलाड़ी केडी सिंह बाबू उत्तर प्रदेश की ही माटी के सपूत थे। इस स्टेडियम का नाम भी केडी सिंह बाबू के नाम पर ही रखा गया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश ने फुटबॉल की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सरकार की नजर खिलाड़ियों पर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि में पदक जीतने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से अलग-अलग सेवा में सरकारी नौकरी दे चुकी है। सरकार इसे आगे भी जारी रखेगी। सीएम योगी ने कहा कि पेरिस के ओलंपिक में उत्तर प्रदेश के भारतीय हॉकी टीम के दो खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसमें एक भारतीय हॉकी टीम के सदस्य हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय को पिछले वर्ष ही यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी के पद पर तैनाती दे चुके हैं। वहीं अब हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को भी यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी के पद पर सीधी तैनाती देने जा रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री गिरीश यादव, भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे, उत्तर प्रदेश क्रीड़ा भारतीय के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य मोहसिन रजा, यूपी खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह आदि उपस्थित रहे।