मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में सभी धर्मों के लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि एक योगी होने के नाते, वह सभी के सुख की कामना करते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं।
सीएम योगी ने कहा कि एक मुस्लिम परिवार सैकड़ों हिंदू परिवारों के बीच खुद को सुरक्षित महसूस करता है। उन्हें अपनी धार्मिक मान्यताओं का पालन करने की पूरी स्वतंत्रता होती है। वहीं, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 50 हिंदू परिवार 100 मुस्लिम परिवारों के बीच सुरक्षित रह सकता है?... नहीं। बांग्लादेश और इससे पहले पाकिस्तान इसका उदाहरण था। अफगानिस्तान में क्या हुआ?
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खुद के चपेट में आने से पहले सतर्क हो जाना चाहिए। यूपी में मुसलमान सबसे सुरक्षित हैं। पहले यूपी में दंगे हो रहे थे। अगर हिंदू की दुकान जल रही थी, तो मुस्लिम भी चपेट में आए। प्रदेश में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से सांप्रदायिक दंगे बंद हो गए हैं।
मुसलमान नहीं, वोट बैंक की राजनीति खतरे में है
योगी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के मुसलमान खतरे में हैं वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि यूपी में मुसलमान खतरे में नहीं हैं। इनकी वोट बैंक की राजनीति खतरे में है। जिस दिन भारतीय मुसलमान अपने पूर्वजों को समझ लेंगे, इन सभी को बोरिया-बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा।
रंग पड़ने से पहचान खराब नहीं होती
संभल में तिरपाल से ढकी मस्जिदों के बारे में कहा कि अगर आप रंगों से खेल रहे हैं, तो संभव है कि यह किसी पर भी पड़ सकता है। लेकिन, इससे किसी की पहचान खराब नहीं होती है। मुहर्रम के दौरान जुलूस निकलते हैं। क्या उनके झंडे की छाया किसी हिंदू घर या हिंदू मंदिर के पास नहीं पड़ती है। क्या इससे घर अपवित्र हो जाता है। क्या मुसलमान रंगीन कपड़े नहीं पहनते हैं। अगर आप पर रंग पड़ जाता है, तो आप समस्या पैदा करते हैं। दोहरे मापदंड क्यों हैं। कई मुसलमानों ने हमारे साथ होली खेली है। एक दूसरे से गले मिले हैं।
संभल में 54 तीर्थ खोजे, और तलाश रहे
योगी ने कहा कि संभल में 64 तीर्थ स्थल हैं, हमने उनमें से 54 को खोज लिया है। जो बचे हैं, उसे भी खोज निकालेंगे। दुनिया को दिखाएंगे कि संभल में क्या हुआ था। संभल एक सच्चाई है। आपको पूजा-पाठ की पूरी स्वतंत्रता है, आप कहीं भी मस्जिद बना सकते हैं। लेकिन, आप इस्लाम के सिद्धांतों से भटक गए हैं। इस्लाम कहता है कि किसी हिंदू मंदिर, किसी हिंदू घर या किसी अन्य पूजा स्थल का निर्माण खुदा द्वारा स्वीकार नहीं किया जाता, तो आपने इन्हें क्यों बनाया। आप खुद इस्लाम के खिलाफ कार्य कर रहे हैं। हम कानून के दायरे में रहकर काम कर रहे हैं।