सीएम ने उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा की।
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के रोगियों की रिकवरी दर को और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बीमार और कमजोर व्यक्तियों की मेडिकल टेस्टिंग का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
योगी ने कहा कि अधिक से अधिक मेडिकल टेस्ट करके कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है। रैपिड एंटीजन टेस्ट से 1 लाख टेस्ट प्रतिदिन, आरटीपीसीआर से 40 से 45 हजार टेस्ट प्रतिदिन तथा ट्रूनैट मशीन से 2500 से 3000 टेस्ट प्रतिदिन किए जाएं।
महानिदेशक स्वास्थ्य और महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने महानिदेशक, स्वास्थ्य को प्रत्येक जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से और महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा को प्रत्येक मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से नियमित संवाद रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की सुचारु व्यवस्था के साथ-साथ 48 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप रखा जाए। एल-2 और एल-3 कोविड चिकित्सालयों के सभी बेड्स पर ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एल-2 कोविड चिकित्सालयों में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहें।
53.84 करोड़ शमन शुल्क वसूला
अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता पर जोर देते हुए कहा कि दवा के अभाव में इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए। कोविड-19 और संचारी रोगों के नियंत्रण में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग की उपयोगी भूमिका है। स्वच्छता कार्य के दौरान कचरे का उचित निस्तारण भी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 की अभी तक कोई कारगर दवा या वैक्सीन विकसित नहीं हुई है। बचाव ही इसका उपचार है। ऐसे में डॉक्टर और शोधकर्ता प्रदेश में सफलतापूर्वक ठीक किए गए रोगियों की केस हिस्ट्री का गहन अध्ययन करते हुए प्रभावी उपचार विधि विकसित करने का प्रयास करें।
अवनीश कुमार अवस्थी ने लोक भवन में मीडिया को बताया कि गृह विभाग ने धारा 188 के तहत 1,55,463 एफआईआर दर्ज करते हुए 3,25,830 लोगों को नामजद किया है। प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 7 लाख 60 हजार 539 वाहनों की सघन चेकिंग में 65,428 वाहन सीज किए गए। चेकिंग अभियान के दौरान 53 करोड़ 84 लाख 99 हजार 282 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
कोई भी करा सकता है जांच
अवस्थी ने बताया प्रदेश में सोमवार को एक दिन में 91,830 नमूनों की जांच की गई। अब तक 20,33,089 नमूनों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में टेस्टिंग के लिए तय स्टेटिक बूथ पर जाकर कोई भी व्यक्ति कोरोना जांच करा सकता है। जिन्हें भी कोई लक्षण या समस्या महसूस हो, वे टेस्टिंग सेंटरों पर जाकर जांच करा सकते हैं।