मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद, रक्षाबंधन, 5 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम, जन्माष्टमी तथा स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सभी जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने अधिकारियों को कहा कि सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित कर लिए जाएं। शरारती व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील जिलों व स्थलों के दृष्टिगत पूर्व तैयारी व कार्यवाही के निर्देश दिए। कहा कि विवाद की आशंकाओं को हर हाल में रोका जाए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम ने शाहजहांपुर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रतापगढ़, कानपुर नगर, कानपुर देहात के पुलिस अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर जरूरी निर्देश दिए।
बकरीद पर सार्वजनिक स्थानों पर न हों कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए अभी तक सभी त्योहार प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मनाए गए हैं। इसी तरह बकरीद भी मनाई जाए। कोई भी कार्यक्रम सार्वजनिक स्थानों पर न हो। अधिकारी क्षेत्रों में भ्रमण करें। सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। अफवाहों व भ्रामक खबरों को फैलने से रोका जाए।