सीएम योगी ने कहा कि जो युवा पढ़ाई लिखाई में अच्छा है, उसको कंप्टीशन की तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उसके लिए कोचिंग की व्यवस्था है। एससी-एसटी के साथ ही शेष अन्य बच्चों के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की व्यवस्था है। दो करोड़ युवाओं को प्रदेश सरकार टैबलेट व स्मार्टफोन देकर तकनीक से जोड़ने का कार्य कर रही है। स्किल डेवलपमेंट का कार्य कर रही है। हमारा युवा स्वावलंबी बने और उसके स्वावलंबन से हमारा प्रदेश और देश आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर सके, इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के स्तर पर कई प्रयास किए गए हैं। ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले एकल खिलाड़ी को प्रदेश सरकार अपने स्तर पर 6 करोड़ रुपए की नगद राशि दे रही है। 3 करोड़ रुपए सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को मिलते हैं तो ब्रांज मेडल जीतने पर भी खिलाड़ी को प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है। टीम गेम पर भी बहुत अच्छी राशि दी जाती है। इसीलिए खेल और खिलाड़ी इन दोनों के लिए जो मंच डबल इंजन की सरकार उपलब्ध करा रही है, उस मंच का बेहतर उपयोग करके अपनी ऊर्जा का प्रयोग रचनात्मकता के साथ करते हुए आगे बढ़ेंगे तो हमारा भविष्य उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अंबरीश सिंह, विधान परिषद के सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, उमेश द्विवेदी, लालजी निर्मल एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।