मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी के दर्जन भर कस्बों में जहां पलायन की शिकायत मिलती थी, अब वहां बहुसंख्यक समाज लौट आया है। वहां 50 साल पहले जितनी आबादी थी उतनी हो गई है। साढ़े चार साल में प्रदेश में एक भी किसान आंदोलन नहीं हुआ है। जबकि पहले भट्टा परसोल में किसानों पर गोलियां चलाई जाती थीं। बस्ती के मुंडेरवा में चीनी मिल चलाने पर किसानों की हत्या की जाती थी।
पिछले साढ़े चार साल में एक्सप्रेस-वे व एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के कार्य हुए लेकिन कहीं विरोध नहीं हुआ। 42 लाख परिवारों को आवास सपा शासन में भी मिल सकता था लेकिन उन्होंने जनता की चिंता नहीं की। लेकिन अब भाजपा सरकार में आवास मिलने से उन परिवारों को समझ आ गया है कि विपक्षी दलों ने लोगों का शोषण और अत्याचार किया।
सपा-बसपा से ज्यादा भाजपा ने दी नौकरी
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के सामने प्रदेश के युवाओं को जोड़ने का अवसर और चुनौती दोनों है। युवाओं के बीच बहस का मुद्दा बनाएं कि किसकी सरकार में उन्हें ज्यादा नौकरी मिली। बसपा व सपा सरकार से ज्यादा सरकारी नौकरी भाजपा सरकार में मिली है। निजी क्षेत्र में भी 1.61 करोड़ युवाओं को रोजगार मिला है।
भाजपा सरकार न होती तो कलंक न धुलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा नहीं होती तो अयोध्या में राम मंदिर नहीं बन पाता और 500 साल का कलंक नहीं धुल पाता। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पक्ष में पितृ धरती पर उतरे हैं। मंदिर निर्माण देखकर उनकी आत्मा भी प्रसन्न हो रही होगी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि विश्व में हिंदुओं का एक ही देश बचा है। हिंदुओं को अपनी सांस्कृतिक विचारधारा को बचाना होगा नहीं तो अफगानिस्तान जैसा हाल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। योगी ही अगले मुख्यमंत्री होंगे, इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए।
लखनऊ में मीडिया से मुखातिब तेजस्वी ने कहा कि यूपी में सपा की अखिलेश सरकार भाई जान का साथ-विश्वास और अपना विकास के सिद्धांत पर चलती थी। पिछली सरकारों में कट्टरपंथी, देवबंदी व तालिबानी सोच के लोगों को बढ़ावा मिला था। पर अब ऐसा नहीं है। प्रदेश में लोग अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मुख्तार अंसारी हों या आजम खां सभी गलत लोग जेल में डाले जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी सोच और आयु दोनों में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा से ज्यादा युवा हैं। साथ ही कहा कि प्रदेश का आर्थिक विकास नहीं होगा तो देश का विकास नहीं होगा। जब यूपी आत्मनिर्भर होगा, तभी भारत भी। यूपी का विधानसभा चुनाव पूरे देश पर असर डालेगा। इस सच को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। यह भी कहा कि हाथी थक चुकी है और साइकिल पंक्चर है। इसलिए इस बार हर तरफ कमल ही कमल खिलेगा।