इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यूपी राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2023 और बाढ़ कार्य योजना 2023 पुस्तकों का विमोचन किया। अपरिहार्य जनहानि को जीरो करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने भूकंप, सर्पदंश और वज्रपात पर जनजागरूकता के लिए तीन लघु फिल्में और रेडियो जिंगल का उद्घाटन किया। सीएम ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की रक्षा करने वाले एनडीआरएफ के विनय कुमार, जितेन्द्र सिंह यादव, अखिलेश कुमार सिंह, पुष्पेन्द्र और मनीष कुमार को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने एसडीआरएफ के चंदेश्वर, रमेश चंद्र मिश्र, राजदीप सिंह चौहान, अजय सिंह, किशन कुमार को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
पंचतत्व को परिलक्षित करेगा एनडीएमए का भवन
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्यालय का कुल कवर एरिया डेढ़ लाख स्क्वायर फिट होगा। इसकी रूपरेखा तीन स्तरों पर होगी, जिसमें इमरजेंसी ऑपरेशन, ट्रेनिंग सेंटर और एडमिनिस्ट्रेटिव विंग शामिल होगा। भवन पांच फ्लोर और बेसमेंट का होगा। इसके पार्किंग एरिया में 100 चार पहिया और 150 दो पहिया वाहन पार्क हो सकेंगे। भवन का डिजाइन पंचतत्व को परिलक्षित करेगा। भवन को इस प्रकार बनाया जाएगा जिससे ऊर्जा की ज्यादा से ज्यादा बचत की जा सके। इसका पुलिस मुख्यालय के पास होने से दोनों विभागों के बीच आपसी समन्वय में मजबूती मिलेगी।