मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के साथ-साथ तेज टीकाकरण की रणनीति कोविड से बचाव में अत्यंत कारगर रही है। विगत 24 घंटे में हुई 01 लाख 50 हजार 986 सैम्पल की टेस्टिंग में 12 नए संक्रमित मरीज पाए गए, जबकि 11 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 142 रह गई है, जबकि 16 लाख 86 हजार 928 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। बेहतर स्थिति बनाये रखने के लिए दूसरे प्रदेशों से आ रहे लोगों की समुचित जांच की जाए।
प्रदेश में अब तक 11 करोड़ 50 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं।02 करोड़ 42 लाख से अधिक लोगों ने टीके की दोनों डोज प्राप्त कर ली है। इस प्रकार, 16 फीसदी से अधिक लोग पूरी तरह टीकाकवर प्राप्त कर चुके हैं। जबकि 61 फीसदी से अधिक लोगों ने कम से कम एक डोज लगवा ली है। दूसरे डोज के लिए पात्र लोगों को समय से टीकाकवर दिया जाए। वैक्सीन की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भारत सरकार से सतत संवाद-संपर्क बनाए रखें।