प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहन चालकों के साथ ही पुलिस को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा पुलिस सिर्फ चालान काटने को ही अपना लक्ष्य न बनाए, बल्कि लोगों को यातायात नियमों को पालन करने के बारे में जागरूक भी करें।
साथ ही मुख्यमंत्री ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति सख्ती बरतने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग शराब पीकर वाहन चलाते हुए मिलें उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन दोनों जब्त करने की कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की जनकारी न होने की वजह हो रही हैं। लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करके दुर्घटनाओं को काफी कम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत स्कूली बच्चों द्वारा निकाली जा रही जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना करने के मौके पर कही। कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए परिवहन, गृह, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत सभी विभागों को मिलकर सामूहिक प्रयास करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को जहां पाठ्यक्रम में यातायात शिक्षा को शामिल करने का सुझाव दिया, वहीं स्वास्थ्य विभाग को दुघर्टनाओं में घायलों को बेहतर इलाज की सुविधा देकर मृत्यु दर कम करने की नसीहत दी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को भी जांच के नाम पर आतंक न फैलाने की हिदायत दी है। संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री ने रैली में शामिल 25 ट्रैफिक पुलिस बाइकर्स, 10 विंटेज कार, 100 निजी बाइकर्स, 100 एनसीसी के कैडेट्स और विभिन्न स्कूलों केकरीब 700 छात्रों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, डीजीपी ओपी सिंह, प्रमुख सचिव परिवहन अरविंद कुमार, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देवेश चतुर्वेदी, परिवहन आयुक्त धीरज साहू समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
20 तक चलेगा सड़क सुरक्षा सप्ताह
इस मौके पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने कहा कि इधर दो तीन सालों में सिर्फ जागरूकता कार्यक्रमों की वजह से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आयी है, लेकिन इससे हमें संतुष्ट नहीं होना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश भर में एक साल में चार बार सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा और लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 अक्तूबर को शुरू सह सड़क सुरक्षा सप्ताह 20 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें लोगों को जागरूक करने पर खास फोकस किया जा रहा है।