मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल स्क्रीनिंग, एंबुलेंस सेवा तथा सर्विलांस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए राज्य मुख्यालय व जिला स्तर पर एकीकृत कमांड सेंटर की स्थापना के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसका संचालन राहत आयुक्त कार्यालय में लागू व्यवस्था की तर्ज पर किया जाए।
कंटेनमेंट जोन में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शनिवार व रविवार को चलने वाले विशेष स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन अभियान के कार्यों को परखने के लिए भी ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाए।
इस अभियान के दौरान औद्योगिक इकाइयां पहले की तरह चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सर्विलांस टीम द्वारा घर-घर जाकर सर्वे के माध्यम से मेडिकल स्क्रीनिंग कराई जाए। सर्विलांस टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। सर्वे गतिविधियों को मिशन मोड पर संचालित किया जाए।
सर्विलांस टीम के सर्वे में संक्रमण की दृष्टि से संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाए। टेस्ट में संक्रमित पाए जाने पर उन्हें यथाशीघ्र कोविड अस्पताल भेजा जाए। इस कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।