पुलिस, प्रशासनिक अफसरों से कहा- कंटेन्मेंट जोन में आवाजाही रोकें, ड्रोन से करें निगरानी
बरेली। हर सप्ताह दो दिन शनिवार, रविवार को लागू होने वाले लॉकडाउन से पहले शुक्रवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने वीडियो कांफ्रेंस में अफसरों व्यापक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बरेली में कोरोना से मौत के मामले बढ़ने पर चिंता जताते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को अस्पतालों में बेहतर इंतजाम करने, कंटेन्मेंट जोन में आवाजाही रोकने और ड्रोन कैमरों से निगरानी करने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश के सभी जिलों के प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। उनसे जिलों की स्थिति के साथ ही पेश आ रही समस्याओं के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने इस बात पर चिंता जताई कि प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की दर 2.66 फीसदी है, जबकि बरेली में यह तीन फीसदी से ऊपर हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों, कोविड केयर सेंटरों में साफ-सफाई, दवा और अन्य व्यवस्थाएं चौकस करने के निर्देश दिए। कहा, इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो। वीडियो कांफ्रेंस में एडीजी अविनाश चंद्र, कमिश्ननर रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश पांडेय, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी शैलेश पांडेय, सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल आदि मौजूद रहे।