मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी जिम्मेदारी बनती है कि सबसे पहले अयोध्या स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। सरकार का जो काम है वो सरकार कर रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों का चौड़ीकरण, रेलवे लाइन, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ ही इलेक्ट्रिक बसें अयोध्या को चमकाने का कार्य करेंगी। इनके रूट भी तय किए जा चुके हैं। लगभग 200 इलेक्ट्रिक बसें तात्कालिक रूप से हम अयोध्या को दे रहे हैं, लेकिन हम इसे 500 तक विस्तार देंगे। इसमें नगर विकास के साथ परिवहन विभाग लगे हुए हैं। निजी क्षेत्र को भी इस क्षेत्र में आमंत्रित किया जाए। अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी बनने जा रही है, इसलिए हमें इस कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि टूरिस्ट एप से हम अयोध्या की एक-एक चीज को देख सकें, अवलोकन कर सकें और आसानी से महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंच सकें, ये सुविधा प्रदान की जा रही है। यह सिर्फ इंग्लिश में नहीं बल्कि हिंदी, संस्कृत समेत संविधान की अनुसूची में जितनी भी भाषाएं हैं उनमें भी यह उपलब्ध हो जाएगा।
इसी तरह, पुलिस से सहायता लेनी है, कहां थाना है, कहां चौकी है, इमरजेंसी सेवाएं कैसे मिलेंगी, 1090 की क्या भूमिका है, 112 की क्या भूमिका है, कौन अधिकारी आपके सहयोग के लिए तत्पर रहेगा, पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर आपको यह सुविधा भी मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर किसी की इच्छा है कि उसे अयोध्या धाम का दर्शन हो, यह हमारा सौभाग्य है कि प्रभु की सेवा में हमें कुछ कर गुजरने का अवसर मिल रहा है, इसलिए हमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ना है। यहां जो भी श्रद्धालु आएं वो एक अच्छी छवि लेकर जाएं यही अपेक्षा है। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप अयोध्या को वैश्विक रूप से एक पहचान दिलानी है। सुबह ही अयोध्या से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। यह पूरे प्रदेश में 21 जनवरी तक चलेगा। हर देव मंदिर में 16 जनवरी से 22 जनवरी से अखंड रामायण का पाठ और राम संकीर्तन का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम चाहे घर में हो या देव मंदिर में, गांव में हो या शहर में, हर जगह अखंड रामायण और राम संकीर्तन के साथ सभी को जुड़ना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 22 जनवरी को जब प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से अयोध्या धाम में प्रभु राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो रहे होंगे, इस अवसर पर मेरी सभी से अपील है जो अयोध्या आने के इच्छुक हैं वो इस कार्यक्रम को लाइव देखें। हम सबको एक बात जरूर सुनिश्चित करनी है कि अयोध्या अभी नव निर्माण से गुजर रही है। 22 से पहले यहां कोई भी वीआईपी मूवमेंट न हो तो अच्छा है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद जब लोग यहां पर आएंगे तो उनको भी असुविधा नहीं होगी और यहां व्यवस्था से जुड़े लोगों को भी असुविधा नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि 22 को जब प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा होगा उसे हर कोई लाइव देखे। ट्रस्ट के द्वारा जिन लोगों को आमंत्रित किया गया है, वो यहां आएंगे। जो लोग यहां नहीं आ पा रहे हैं वो इसका लाइव अवलोकन करें। बाद में उन्हें जब अवसर मिलता है तो अयोध्या धाम आकर वो प्रभु राम का दर्शन करें। हमें उनका स्वागत करने में प्रसन्नता होगी।
इस दौरान सीएम योगी ने हरी झंडी दिखाकर ई बसों और ई ऑटो के संचालन का शुभारंभ किया। वहीं उन्होंने बटन दबाकर पहले डिजिटल टूरिज्म एप को और अयोध्या पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अयोध्या जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, जिलाध्यक्ष भाजपा संजीव सिंह, प्रमुख सचिव नगर विकास अम्रत अभिजात एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद रहे।