सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की पुलिस ने आज देश में उत्तर प्रदेश के परसेप्शन को बदलने का काम किया है। आज देश में कहीं भी कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी होती है तो लोग कहते हैं कि उत्तर प्रदेश की पुलिस को बुला लीजिए। आम लोगों के मन में एक विश्वास पैदा हुआ है। हर तबके के मन में सुरक्षा का वातावरण बना है। पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो रहे हैं। प्रदेश के अंदर बड़े से बड़ा निवेश भी आ रहा है। आपने हाल ही में रिजर्व बैंक की रिपोर्ट देखी होगी। देश के अंदर सबसे अधिक निवेश करवाने वाले राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। आज उत्तर प्रदेश सबसे अधिक टूरिस्ट्स को आकर्षित कर रहा है। 31 करोड़ टूरिस्ट्स एक वर्ष में उत्तर प्रदेश में आए हैं। ये सब दिखाता है कि बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने ये बदलाव लाने में सफलता प्राप्त की है तो इससे राज्य सरकार, नौजवानों की छवि भी बदली है। आप जैसे खिलाड़ी भी जब प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे और यूपी पुलिस के लिए पदक झटकेंगे तो यह उत्तर प्रदेश की छवि को और निखार लाने में मददगार होगी।
ग्राम पंचायतों को बना रहे खेलकूद की गतिविधियों का केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलकूद के अनेक कार्यक्रम घोषित किए जा रहे हैं। हर गांव में खेल का मैदान हो, ओपन जिम का निर्माण हो। यहां बच्चे प्रैक्टिस करें। खेल के मैदानों में खेल गतिविधियों में जुड़ें। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल गठित करके उन्हें भी स्पोर्ट्स की किट उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 65 हजार युवक एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा चुकी है। हमारा प्रयास है कि हर युवक एवं महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करवा करके खेलकूद की गतिविधियों का केंद्र बिंदु ग्राम पंचायत को बनाएंगे। यहां से प्रतिभाएं तराशी जाएंगी। फिर प्रतियोगिता को बढ़ाने का क्रम विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम तक और जिले के स्टेडियम में पहुंचेगा। प्रदेश के अंदर दो इंटरनेशनल स्टेडियम हैं और इसकी संख्या में बढ़ोतरी की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है। वाराणसी में इस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। ये चीजें दिखाती हैं कि खेलकूद की गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
पदक विजेता खिलाड़ियों को दिया जा रहा नकद पुरस्कार
सीएम योगी ने खिलाड़ियों को यूपी सरकार की ओर से दी जा रही मदद के विषय में बताया कि सरकारी नौकरियों में राजपत्रित अधिकारियों से लेकर पुलिस बल व अन्य विभागों का हिस्सा बनाने तक निरंतर कार्य कर रहे हैं। जो खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाड या वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए मेडल जीतता है उसके लिए हमने अलग-अलग राशि का प्रावधान किया है। यही नहीं, ओलंपिक गेम्स में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को प्रोत्साहन राशि के रूप में 10-10 लाख रुपये की सहायता भी उपलब्ध करवा रहे हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स में यह राशि 5-5 लाख रुपये है। प्रदेश सरकार ने खेलों के प्रोत्साहन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में रखने के लिए, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी जनपद स्तर पर और विकास खंड स्तर पर कोच के रूप में रखने की एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। खिलाड़ियों की सुविधाओं में भी वृद्धि की है। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, विशेष पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड रेणुका मिश्रा, खेल सचिव सुहास एल वाई एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।