राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि राजू श्रीवास्तव का निधन कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह उप्र फि ल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे। उनका प्रदेश की परंपरागत कला की विधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजू श्रीवास्तव ने हास्य कला की विधा को अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। उप्र फि ल्म विकास परिषद के माध्यम से प्रदेश की परंपरागत कला के उत्थान में उनका सराहनीय योगदान रहा। अपनी अभिनव कला दक्षता के द्वारा जीवन पर्यन्त समाज के हर तबके का मनोरंजन करने वाले राजू श्रीवास्तव का निधन उनके अनगिनत प्रशंसकों को दुखी करने वाला है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि आज विश्व प्रसिद्ध हास्य कलाकार, मेरे अभिन्न मित्र राजू श्रीवास्तव के निधन से स्तब्ध व दुःखी हूं। ईश्वर पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजू श्रीवास्तव एक गरीब परिवार से आए और अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। राजू सपा में भी शामिल हुए थे और कानपुर से उम्मीदवार भी बनाए गए थे।
इसके अलावा विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री आशीष पटेल, गुलाब देवी, कपिलदेव अग्रवाल, नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी, विधायक आराधना मिश्रा मोना, सूचना निदेशक शिशिर ने भी राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।