मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 75 में से कई जिलों में अब भी मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता है। इन जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज बनाने के बारे में भी आप विचार कर सकते हैं।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों की जरूरत है। मसलन, गोरखपुर में नेपाल और बिहार, वाराणसी में भी बिहार से बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ऐसे में इन जगहों पर आप विशिष्ट अस्पताल बनाएं। सरकार आपकी हर संभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से देश के दिग्गज कारोबारियों ने मुंबई में मुलाकात की। इसमें प्रमुख रूप से टाटा संस प्राईवेट लिमिटेड के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, हीरानंदानी ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. निरंजन हीरानंदानी, केकेआर इंडिया एडवाइजर्स प्राईवेट लिमिटेड के पार्टनर और सीईओ संजय नायर, सिमेंस इंडस्ट्री साफ्टवेयर लिमिटेड के वाइस प्रसिडेंट और एमडी सुप्रकाश चौधरी, एलएंडटी लिमिटेड के सीईओ और एमडी एसएन सुब्रमन्यन, कल्याणी ग्रुप के चेयरमैन बाबा कल्याणी, सेंट्रम कैपिटल लिमिटेड के चेयरमैन जसपाल बिंद्रा, वन 97 कम्यूनिकेशंस लिमिटेड के प्रेसिडेंट अमित नैय्यर, एके कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड के डायरेक्टर विकास जैन और एसोसिएट डायरेक्टर वरुण कौशिक और नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. गोविंद रूजुलू चिंतला शामिल थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवासी उद्यमियों से यूपी में निवेश का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माहौल बदला है। प्रवासी उद्यमियों को अपनी कर्मठता व अनुभव का लाभ यूपी और वहां के लोगों को देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान भी प्रदेश में तरक्की की रफ्तार नहीं थमी और इस दौरान करीब 45 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश आया। मुख्यमंत्री बुधवार को मुंबई में प्रवासी उद्यमियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तीन साल में उत्तर प्रदेश में बहुत कुछ बदला है। तरक्की की रफ्तार तेज हुई है। इन्वेस्टर्स समिट और उसके बाद हुए दो ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आना प्रदेश की सरकार, उसकी नीतियों और कानून-व्यवस्था पर लोगों के भरोसे का सबूत है। योगी ने प्रवासी उद्यमियों से कहा कि आप तो अपने हैं। अपनी जड़ों से लगाव स्वाभाविक है। अब समय आ गया है, एक बार जरूर अपनी माटी से अपने रिश्ते को मजबूत करें। बदले माहौल में यूपी में आपका स्वागत है।
कार्यक्रम में सीए पंकज जायसवाल की लिखी रिपोर्ट ‘यूपी को 1 ट्रिलियन इकॉनमी’ बनाने का प्लान का लोकार्पण भी हुआ। इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ मुत्थु कुमारस्वामी ने आभार जताया। प्रवासी उद्यमियों में दिनेश चंद्र उपाध्याय, अशोक तिवारी, अरविंद राही, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, एसवी गिरी, अनिल तिवारी, सैफ कुरैशी, इलियास गदरीवाला, आशुतोष श्रीवास्तव, राकेश सिंह, अनीस, दिनकर पाठक, योगेश साहू, राम सिंह आदि मौजूद थे।