जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कटेहरी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग वही हैं जिन्होंने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। भगवान राम का सम्मान न करने वालों को छोड़ दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसी सरकार है जो लगातार विकास कर रही है। दूसरी तरफ राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले लोग हैं। आतंकी घटना के बाद भी पहले पाकिस्तान से संबंध खराब न होने पर ध्यान दिया जाता था। अब स्थिति बदली है। अब नया भारत है। अगर कोई छेड़ता नहीं तो अब उसे छोड़ता नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस अब एक बार फिर कश्मीर में धारा 370 लाने की बात कर रही है जबकि हम आतंकवाद खत्म कर विकसित भारत बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं। सपा के गुंडों ने अयोध्या में बेटी के साथ क्या किया सबको पता है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा राज में सभी को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। सपा-कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह करते हैं। यह बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले लोग हैं। जिले का माफिया खान मुबारक और अतीक अहमद ही इनकी विरासत है। सपा लोहिया के आदर्शों से भटक गई है। उन्होंने जनता को 20 नवंबर को पहले मतदान और फिर जलपान करने का मंत्र दिया।