भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वैश्य समाज भाजपा को राम के नाम पर 15 दिन का समय दे। भाजपा वैश्य समाज के दम पर खड़ी हुई है। पहले लोग टीका लगाने, मन्दिर जाने और खुद को हिन्दू कहने से डरते थे आज वही लोग मन्दिर मन्दिर जा रहे हैं। हम मिशन के लिए काम करते हैं। हम सपा-बसपा की तरह लूटने नहीं आए हैं। कश्मीर में पहले सेना पर पत्थर फेंके जाते थे आज फूल बरस रहे हैं।
'वैश्य समाज हिंदू समाज का रक्षक है'
भाजपा सांसद नरेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मण सड़क पर माहौल बनाता है लेकिन व्यापारी दुकान पर माहौल बनाता है। तन और मन तो कोई भी दे सकता है लेकिन धन व्यापारी ही दे सकता है।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज का रक्षक वैश्य समाज ही है। राजनीतिक दलों में कोषाध्यक्ष पद वैश्य समाज को दिया जाता था लेकिन अब दूसरे समाज को देना चाहिए क्योंकि अब दूसरे समाज के लोग भी व्यापार करने लगे हैं। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में गुंडाराज समाप्त कर व्यापारी को अच्छा माहौल दिया है। व्यापारी को व्यापार के लिएअच्छा माहौल चाहिए। योगी के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली सरकार ने सबसे ज्यादा वैश्य व व्यापारी समाज को प्रताड़ित किया था। प्रदेश की जनता ने 2007 से 2017 तक तुष्टिकरण की राजनीति करने वालो को सत्ता से बाहर किया है। 2022 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।