मुख्यमंत्री योगी के अनुसार यदि युवा संकल्प जाग जाए तो इतिहास बदल जाता है, युग परिवर्तन हो जाता है। जब किसी राष्ट्र का युवा जाग्रत होता है तो उसका वर्तमान यशस्वी होता है और उसका भविष्य अजेय हो जाता है। आपके सामने स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, मेजर ध्यानचंद के उदाहरण हैं जो सिद्ध करते हैं कि आयु कभी इतिहास रचना में बाधा नहीं बनती। उन्होंने युवाओं से कहा कि भारत की ऋषि परंपरा कहती है: "आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः" यानी जहाँ से भी ज्ञान आए, उसके लिए द्वार खोल दो। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि 2025 की शुरुआत में ही महाकुंभ का आयोजन हुआ था। वहीं, 19वीं जम्बूरी के रूप में युवाओं का यह महाकुंभ भी जुड़ रहा है।
एकता के सूत्र में बांधने का कार्य: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश भर से आए युवा जब आपस में मिलकर भारत की विविधता को 19वीं जम्बूरी के माध्यम से एकता के सूत्र में बांध रहे हैं तो यह एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल खेल, अभ्यास या यूनिफॉर्म तक सीमित नहीं है, यह चरित्र और सेवा पर आधारित जीवन पद्धति है। आज स्काउट्स एंड गाइड्स का यह विचार 170 से अधिक देशों में फैल रहा है, जो प्रसन्नता का विषय है। आधुनिक प्रबंधन के साथ भारतीय संस्कृति का वैश्विक समन्वय भी यह जम्बूरी प्रस्तुत कर रही है। डिजिटल व्यवस्था, ग्रीन कैंपस, मेडिकल सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, ग्लोबल विलेज, एडवेंचर जोन और सांस्कृतिक मिलन—ये सभी उत्तर प्रदेश की नई क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर रखने का प्रयास हैं। उन्होंने आयोजकों की प्रशंसा की। साथ ही, सिखों के नवम गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज की 350वीं शहीदी दिवस के अवसर पर सिख गुरुओं व महापुरुषों के बलिदान का उल्लेख भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्हें मैस्कट का प्रतीक चिन्ह देकर, स्कार्फ तथा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने 'देवा श्री गणेशा' की गणपति वंदना सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखीं। इस दौरान डॉ. केके खंडेलवाल ने जम्बूरी के आयोजन और उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा में 'सिर पर केसरिया आभा, नयनों में उजियारा है, सीधा-साधा वेष मगर हिमालय सारा है' शीर्षक की कविता पढ़ी।
कार्यक्रम में सभी स्काउट्स व गाइड्स ने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर 'भारत माता की जय' व 'जय जम्बूरी' के उद्घोष किए और तालियों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) महेंद्र सिंह ने भी संबोधन किया। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के विभिन्न पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।