यूपी के सीएम अखिलेश यादव और सपा सप्रीमोंं मुलायम सिंह ने सोमवार को नए ऑफिस का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मैंने सदन में कहा था कि छठवां बजट मैं ही पेश करूंगा अब ये अधिकार जनता को दे दिया है। अब जनता को तय करना है। विधानसभा के सामने बने इस भव्य ऑफिस के निर्माण में करोड़ों का खर्चा आया है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव और सपा नेता भी मौजूद रहे। कार्यालय में 1330 अधिकारियों व कर्मचारियों के बैठने की जगह है।
सीएम ने कार्यक्रम में कहा, कार्यालय लगभग बनकर तैयार हो गया है। किसी भी काम की शुरुआत के लिए नवरात्र के दिन शुभ माने जाते हैं इसी बात को ध्यान रखते हुए आज उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाईं। उन्होंने कहा कि सपा की लगातार कोशिश रही है कि अच्छा काम हो। साढ़े चाल साल में आपने देखा होगा कि ऐसा काम किया गया है जिससे आने वाली पीढ़ी को फायदा हो।
अखिलेश ने कहा, अगर एक्सप्रेस वे बनाया है तो वो जहां शहरों और गांवों को जोड़ रहा है वहीं ग्रामीणों और कलाकारों की आर्थिक स्थिति भी ठीक होगी। कम समय में मेट्रो लाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई योजनाओं को देखें तो जहां मेट्रो की बात की है वहीं साइकिल को सस्ता करने के बारे में भी काम किया गया है। एक ओर लैपटॉप की है तो डेयरी की भी बात की है। जहां शिक्षा पर ध्यान दिया है वहां स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान दिया है।