लखनऊ। काम को लेकर विवाद के बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी पीके श्रीवास्तव लंबे अवकाश पर चले गए हैं। हालांकि, उन्होंने स्वास्थ्य कारणों को वजह बताया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी अस्वस्थ हैं, उन्होंने अवकाश मांगा था। किसी तरह का कोई विवाद नहीं है।
वहीं, सफाई कार्य का निरीक्षण करने को लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी और नगर आयुक्त के बीच तकरार की बात आई थी। इसी के बाद सोमवार को प्रतिनियुक्ति पर तैनात नगर स्वास्थ्य अधिकारी अवकाश पर चले गए। सूत्रों का कहना है कि वह काफी समय से नाराज चल रहे थे, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के मुखिया होने के बाद भी उनके पास सफाई कार्य से जुडे़े पूरे अधिकार नहीं थे और सदन में उनसे जवाब तलब किया जाता था। शहर में इन दिनों दो निजी कंपनियां सफाई का काम कर रही हैं, जिन पर कार्रवाई का अधिकारी उनके पास नहीं, बल्कि पर्यावरण अभियंता के पास है।